लिवर के फंक्शन्स को बेहतर बनाने के लिए अपनाएं ये सुपरफूड्स

लिवर के फंक्शन्स को बेहतर बनाने के लिए अपनाएं ये सुपरफूड्स

सेहतराग टीम

हमारा शरीर में कई तरह के ऑर्गन्स हैं और हर ऑर्गन्स का अपना-अपना काम होता है। इनमें कुछ ऐसे ऑर्गन्स हैं जो शरीर स्वस्थ रखने के लिए बहुत महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। जैसे कि लिवर हमारे शरीर में कई महत्वपूर्ण फंक्शन्स निभाता है। हमारे जीवन से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण फंक्शन्स पाचन, मेटाबॉलिज्म और इम्यूनिटी (रोगों से रक्षा) हैं। इसके अलावा यह अंग भोजन को पचाने और शरीर के विषाक्त पदार्थों को मुक्त करने के लिए जरूरी है। जब व्यक्ति कुछ खाता है तो पाचन तंत्र उस आहार को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ता है। अब ये आहार रक्त के सहारे लिवर तक जाता है। लिवर भोजन में मौजूद पोषक तत्वों को अलग करता है और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाता है। गेंद जैसे आकार का लिवर अपने अंदर आयरन, विटामिन और मिनरल्स स्टोर करने का भी काम करता है।

इसके अलावा लिवर विषैले तत्वों को भी यह अलग कर देता है जो कि शरीर के सेल्स को नुकसान पहुंचाते हैं। यह अंग शरीर से विषैले रसायनों को पित्त के रूप में फिल्टर करता है और मल या मूत्र के रूप में शरीर से बाहर निकालता है। अगर सीधा-सीधा कहें तो लिवर हमारे शरीर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण ऑर्गन यानी अंग है। लेकिन कभी-कभी गलत खान-पान की आदतों के कारण लिवर में बहुत सारे टॉक्सिन्स (जहरीले या अनावश्यक पदार्थ) जमा हो जाते हैं, जिससे लिवर को सही तरीके से काम करने में परेशानी होने लगती है। इसलिए लिवर को साफ रखना जरूरी है और खास बात ये है कि लिवर की गंदगी साफ करने के लिए भी कुछ फूड्स हैं। रिसर्च के मुताबिक इन्हें खाने से लिवर की सफाई हो जाती है जिससे यह ठीक तरीके से काम कर पाता है। इसलिए अपने खाने में हफ्ते में 1-2 इन चीजों को जरूर शामिल करें।

1- हरी सब्जियां और चुकंदर-

अपने खाने में हरी सब्जियां जैसे पत्ते वाली सब्जियों को जरूर शामिल करें। क्योंकि यह शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं। इनमें मिनरल्स और विटामिन्स पाए जाते हैं। खासकर इसमें ऐसे खास एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो आपको गंभीर बीमारियों से बचाते हैं। पत्तेदार सब्जियां जैसे- पालक, मेथी, धनिया, केल, साग आदि के सेवन से लिवर की गंदगी अच्छी तरह साफ होती है और बाइल जूस का प्रोडक्शन भी बढ़ता है। इसके अलावा चुकंदर सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है।   चुकंदर में बीटा-कैरोटीन और फ्लैवोनॉइड्स होते हैं, जो लिवर फंक्शन को बेहतर बनाते हैं। इसके अलावा चुकंदर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आपको कैंसर, डायबिटीज जैसी सैकड़ों बीमारियों से भी बचाते हैं।

2- हल्दी-

हल्दी को सैकड़ों बीमारियों में फायदेमंद बताया जाता है, मगर ये सभी फायदे एक ही तत्व के कारण होते हैं, जिसका नाम है कर्क्युमिन। हल्दी में मौजूद कर्क्युमिन तत्व शरीर में एक खास तत्व glutathione S-transferase के प्रोडक्शन को बढ़ा देता है, जो लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। इसके अलावा हल्दी डैमेज सेल्स को रिपेयर करने में भी मदद करती है। इसलिए इसका सेवन आपको रोजाना करना चाहिए।

3- ग्रीन टी पिएं-

ग्रीन टी में भी लिवर फंक्शन को बेहतर बनाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स पाए गए हैं। दूध वाली चाय, कॉफी या ब्लैक टी से बेहतर है कि आप रोजाना ग्रीन टी पिएं। मगर ध्यान रखें एक दिन में 2-3 कप से ज्यादा ग्रीन टी भी नुकसानदायक हो सकती है। इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही पिएं।

4- सेब खाएं-

सेब को सभी फलों में सबसे हेल्दी माना जाता है। इसका कारण यह कि सेब में आपके शरीर के लिए जरूरी लगभग सभी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं, जबकि अन्य फलों में कुछ पोषक तत्वों की अधिकता होती है, तो कुछ कम होते हैं। सेब में मौजूद मैलिक एसिड आपके लिवर की अच्छी तरह सफाई करता है और खून की गंदगी को साफ करता है। इसके अलावा सेब में मौजूद पेक्टिन नामक फाइबर आपके कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और हृदय रोगों से बचाता है।

5- अखरोट खाएं-

वैसे तो सभी नट्स हेल्दी होते हैं, मगर अखरोट को लिवर और हार्ट के लिए सबसे हेल्दी माना जाता है। अखरोट में अर्जीनिन नाम का खास एमिनो एसिड होता है, जो लिवर की सफाई करता है। इसके अलावा इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड भी होता है, जो आपको हृदय की बीमारियों से बचाने के लिए जाना जाता है।

 

इसे भी पढ़ें-

रोजना 3 से 4 कप कॉफी कर सकती है मौत के खतरे से दूर

सर्दियों में जरूर खाएं 'घी’, इससे सेहत को होते हैं ये फायदे

सर्दियों में मक्के की रोटी स्वाद के साथ सेहत का भी रखेगी ख्याल

नारियल तेल को खाने में करें शामिल, इस तरह कम करें शरीर की चर्बी

सर्दियों में बड़ी राहत देते हैं गोंद के लड्डू, इसके सेवन से और भी फायदे

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।